आंध्र प्रदेश में 19,108 स्वास्थ्य कर्मियों को दिया गया टीका
राज्य में 3.87 लाख स्वास्थ्य कर्मचारियों का होगा टीकाकरण
अमरावती: आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) में पहले दिन कोरोना वैक्सीन प्रक्रिया सफल रही है। वैक्सीन बिना किसी परेशानी के और बिना किसी अप्रिय घटना के चला। देश में ही सबसे अधिक 332 केंद्रों पर टीकाकरण (Vaccination) की प्रक्रिया निर्बाध रूप से जारी रही।
प्रदेश में शनिवार को 19,108 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया गया। वास्तव में केंद्र सरकार की ओर से केवल 14,300 लक्ष्य दिया गया था। मगर लक्ष्य से अधिक टीकाकरण किया गया। वैक्सीन की प्रक्रिया शनिवार रात तक जारी रही। सबसे अधिक गुंटूर जिले में 2,274 और सबसे कम प्रकाशम जिले में 436 हेल्थ वर्करों को टीके लगाये गये हैं।
राज्य में 3.87 लाख स्वास्थ्य कर्मचारियों का टीकाकरण पूरा होने तक वैक्सीन की प्रक्रिया जारी रहेगी। टीकाकरण की प्रक्रिया सार्वजनिक स्वास्थ्य निरीक्षण डॉ गीता प्रसादिनी, नोडल अधिकारी डॉ श्रीहरि, डॉ हेमावती और अन्य की देखरेख में जारी हैं।
यह भी पढ़ें :
आंध्र में हेल्थ वर्कर पुष्पा कुमारी को लगा पहला टीका, सीएम जगन को साथ देखकर खुश हुए लोग
गौरतलब है कि आंध्र प्रदेश ने देश में कोरोना नियंत्रण और टेस्टिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उसी तरह टीकाकरण प्रक्रिया में भी सबसे आगे रही है। प्रदेश में टीकाकरण करने वालों में किसी प्रकार का दुष्प्रभाव दिखाई नहीं दिया है। प्रदेश में रविवार को दूसरे दिन भी सुबह 9 से शाम 5 बजे तक वैक्सीन अभियान जारी रहेगा।
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने शनिवार को विजयवाड़ा जनरल अस्पताल में टीकाकरण अभियान का उद्घाटन किया। अन्य जिलों में संबंधित जिलों के नेता, मंत्री और जिलाधीशों ने वैक्सीन कार्यक्रम में भाग लिया।